शनिवार, 30 जनवरी 2010

गणतंत्र की प्राचीन परंपरा


इस सप्ताह हम भारत के लिए गर्व और त्याग के प्रतीक गणतंत्र दिवस के ६० वर्ष पूरे कर रहे हैं। उत्सव और समारोह के साथ-साथ यह हमारी प्राचीन परंपराओं को फिर से याद करने का दिन भी है। बहुत कम लोग यह जानते हैं कि विदेशी आक्रमणकारियों द्वारा लादी गई ३०० साल की लंबी पराधीनता के बाद जिस गणतंत्र को हमने १९५० में प्राप्त किया है, उस गणतंत्रीय प्रणाली की अवधारणा का जन्म भारत में ही हुआ था।

सामान्यत: यह कहा जाता है कि गणराज्यों की परंपरा यूनान के नगर राज्यों से प्रारंभ हुई थी। लेकिन इन नगर राज्यों से भी हजारों वर्ष पहले भारतवर्ष में अनेक गणराज्य स्थापित हो चुके थे। उनकी शासन व्यवस्था अत्यंत दृढ़ थी और जनता सुखी थी। गणराज्य या गणतंत्र का शाब्दिक अर्थ बहुमत का शासन है। ऋग्वेद, अथर्व वेद और ब्राह्मण ग्रंथों में इस शब्द का प्रयोग जनतंत्र तथा गणराज्य के आधुनिक अर्थों में किया गया है। वैदिक साहित्य में, विभिन्न स्थानों पर किए गए उल्लेखों से यह जानकारी मिलती है कि उस काल में अधिकांश स्थानों पर हमारे यहाँ गणतंत्रीय व्यवस्था थी। ऋग्वेद के एक सूक्त में प्रार्थना की गई है कि समिति की मंत्रणा एकमुख हो, सदस्यों के मत परंपरानुकूल हों और निर्णय भी सर्वसम्मत हों। कुछ स्थानों पर मूलत: राजतंत्र था, जो बाद में गणतंत्र में परिवर्तित हुआ जैसे कुरु और पांचाल राज्यों में। वहाँ पहले राजतंत्रीय व्यवस्था थी और ईसा से लगभग चार या पांच शताब्दी पूर्व उन्होंने गणतंत्रीय व्यवस्था अपनाई। छह सौ ईस्वी पूर्व से दो सौ ईस्वी बाद तक, भारत पर जिन दिनों बौद्ध धर्म की पकड़ थी, जनतंत्र आधारित राजनीति बहुत लोकप्रचलित एवं बलवती थी। उस समय भारत में महानगरीय संस्कृति बहुत तीव्रता से विकसित हो रही थी। पालि साहित्य में उस समय की समृद्ध नगरी कौशांबी और वैशाली के आकर्षक वर्णन पढ़े जा सकते हैं। सिकंदर के भारत अभियान को इतिहास के रूप में प्रस्तुत करने वाले डायडोरस सिक्युलस ने साबरकी या सामबस्ती नामक एक गणतांत्रिक राज्य का उल्लेख किया है, जहाँ के नागरिक मुक्त और आत्मनिर्भर थे।

आधुनिक गणतंत्र राजनीतिक व्यवस्था को तय करनेवाली ऐसी प्रणाली है, जो नागरिकों में उनकी अपनी बुद्धि और विवेक द्वारा नागरिकताबोध पैदा करने का काम करती है। इसी नागरिकता बोध से उत्पन्न अधिकार चेतना के द्वारा सत्ता पर जनता का अंकुश बना रहता है। सत्ता या व्यवस्था में बुराई उत्पन्न होने पर असंतुष्ट जनता उसे बदल सकती है। गणतंत्र में सत्ता को शस्त्र या पूँजी के बल पर प्राप्त करना संभव नहीं है। लेकिन इसके लिए जनता का जागृत, शिक्षित और विवेकी होना आवश्यक है। इसके अभाव में संपूर्ण राष्ट्र उपभोक्तावादी संस्कृति या गलत प्रचार का शिकार होकर नष्ट भी हो सकता है। इसलिए आवश्यक है कि लंबी पराधीनता के बाद आज हमने जो यह नई गणतंत्रीय व्यवस्था प्राप्त की है, उसके मूल्यों की रक्षा हो और राष्ट्रीय विकास के हित में उसका सही प्रयोग हो।

सोमवार, 18 जनवरी 2010

लंबू जी छोटू जी

कहते हैं अति सर्वत्र वर्जयेत, लेकिन कीर्तिमान तो तभी बनते हैं जब कोई किसी अति का अतिक्रमण करे। इस वर्ष लंबे और छोटे होने का कीर्तिमान बनाकर गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रेकार्ड में नाम लिखवाया है तुर्की में जन्मे लंबू सुल्तान कोसेन ने और छोटू का ताज मिला है चीन के ही-पिंगपिंग को।

सुल्तान कोसेन बचपन से इतने लंबे नहीं थे। १० वर्ष की आयु तक उनकी लंबाई सामान्य बच्चों जैसी रही, लेकिन आँखों के पीछे उभरे एक आबुर्द (ट्यूमर) से पीयूष ग्रंथि पर पड़ने वाले दबाव के कारण उनकी लंबाई तेज़ी से बढ़ने लगी। आबुर्द को निकालने के लिए उन्हें कई शल्य क्रियाओं से गुज़रना पड़ा। २००८ में जब यह पूरी तरह ठीक हुआ उनकी लंबाई ८ फुट १ इंच तक पहुँच चुकी थी। आज २७ वर्ष की आयु में स्वस्थ होने के बाद उनकी लंबाई स्थिर है लेकिन अस्वाभाविक लंबा शरीर घुटनों पर जो अतिरिक्त बोझ डालता है उसको संभालने के लिए छड़ी लिए बिना चलना उनके लिए संभव नहीं है। बाज़ार में उनके नाप के कपड़े और जूते नहीं मिलते हैं साथ ही कोई ऐसी कार भी नहीं है जिसमें उनकी टाँगें समा सकें। फिर भी वे समान्य जीवन बिता रहे हैं और हाल ही में उन्होंने विवाह भी किया है।

दूसरी ओर २१ वर्षीय ही-पिंगपिंग की लंबाई केवल ७३.६६ सेंटीमीटर यानी २ फुट ५ इंच है। चीन में वुलानचाबू शहर के रहने वाले ही पिंगपिंग की दोनो बहनें सामान्य है। ही-पिंगपिंग के माता पिता के कहना है कि जन्म के समय उनकी लंबाई सामान्य से कुछ कम थी लेकिन बाद में भी जब इसकी गति बहुत कम रही तो डाक्टरों ने पाया कि वे ऑस्टियो इंपर्फ़ेक्टा के शिकार हैं। इस स्वास्थ्य स्थिति में हड्डियाँ स्वाभाविक रूप से विकसित नहीं होतीं या बार बार टूट जाती हैं। १९८८ में जन्मे ही-पिंगपिंग अपने बाल रूप के कारण २००८ से अंतर्राष्ट्रीय नायक बने हुए हैं और देश-विदेशी की यात्रा करते हुए अलग अलग लोगों के साथ उनके बहुत से चित्र सजाल पर देखे जा सकते हैं। गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रेकार्ड के अलग-अलग शहरों में विमोचन के समय भी वे उपस्थित रहे हैं। विगत १५ जनवरी को जब वे इस पुस्तक के लोकार्पण के अवसर पर इस्तांबूल पहुँचे तब उनकी भेंट सुल्तान कोसन से हुई। अपने देश में ही-पिंगपिंग का स्वागत करते हुए कोसेन ने कहा, "मुझे इस बेहद छोटे व्यक्ति पर नजर टिकाने में कठिनाई हो रही थी।" वहीं, पिंगपिंग ने कहा कि बाँस जैसे लंबे इस व्यक्ति से सीना तानकर हाथ मिलाने का अनुभव वाकई यादगार रहा।

शुक्रवार, 15 जनवरी 2010

कजरारी आँखों का रहस्य

कजरारी आँखों की दुनिया कायल है उस पर अरबी सुरमें में डूबी धुआँ धुआँ आँखों का जवाब नहीं उस पर भी आँखें अगर क्लियोपेट्रा की हों तो दुनिया जहान के साथ सौदर्य., स्वास्थ्य और फैशन की दुनिया के सारे वैज्ञानिकों का जीना हराम हो जाना स्वाभाविक ही है। हाल में हुई खोजों के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि वे इन धुआँ धुआँ आँखों का 4000 साल पुराना राज खोलने में सफल हो गए हैं।

लंदन से मिले एक समाचार के अनुसार फ्रेंच शोध में पता चला है कि क्लियोपेट्रा की आँखों पर लगाए जाने वाले प्रसाधन केवल आँखों का सौंदर्य ही नहीं बढ़ाते थे बल्कि स्वास्थ्य भी दुरुस्त रखते थे। विशेषज्ञों का कहना है कि क्लियोपेट्रा की आँखों में लगाया जाने वाला कजरा आँखों को हर प्रकार के संक्रमण से बचाने की शक्ति देता था। एनालिकल केमेस्ट्री नामक एक पत्रिका का कहना है कि इस प्रसाधन में पाया जानेवाला लेड सॉल्ट आँखों के रोगों के विरुद्ध प्रतिरोधक का काम करता है। लूव्र के शोधार्थियों का विश्वास है कि अरबी आँखों का यह विन्यास शोभा के साथ साथ स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखता था। प्राथमिक स्तर पर लेड साल्ट से नाइट्रिक एसिड का जन्म होता है यह एसिड आँखों के उस प्रतिरोधक तंत्र को मजबूत बनाता है जो आक्रामक बैक्टीरिया से लड़ने का काम करता है। संक्षेप में यह कहा जा सकता है कि प्राचीम मिस्र के लोग इस प्रकार के लेड का निर्माण करते थे जो आँखों पर आक्रमण करने वाले रोगों के बैक्टीरिया के विरुद्ध प्रतिरोधक शक्ति का विकास करता था। ऐसा विश्वास भी किया जाता है कि लेड सल्फ़ाइट में पाए जाने वाले जिस गलीना नामक खनिज का प्रयोग भी आँखों के प्रसाधन में किया जाता था, वह रोगाणुरोधक तो था ही इसमें मक्खियों को दूर रखने की क्षमता थी और यह आँखों को धूप से सुरक्षित भी रखता था।


सोचती हूँ दीपावली की रात में, घी के दीपक में कपूर डालकर, हल्दी की गाँठों के बीच सूत की बाती के ऊपर चाँदी की कटोरी में पारे गए काजल में भी कुछ खास बातें रही होंगी जिन्हें हम आज बेवकूफ़ी समझकर त्याग चुके हैं। शायद इस विषय में लंदन, पेरिस और लूव्र से छपने वाले किसी भी वैज्ञानिक जरनल से पहले भारत में स्थित वैज्ञानिक संस्थाओं द्वारा प्रकाशित होने वाले किसी जरनल में यह बात प्रकाशित हो और उसी प्रकार दुनिया भर के समाचारों के मुखपृष्ठ का हिस्सा बने जैसे आज यह खबर बनी हुई है।